Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम बिगड़ने का ऑरेंज-येलो अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; 8 जुलाई तक असर
उत्तराखंड में मानसून फिर होगा सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी।
प्रदेश में मानसून अब पकड़ेगा रफ्तार, अगले कई दिनों तक भारी बारिश के दौर की चेतावनी; लोगों को सतर्क रहने की सलाह
देहरादून, 04 जुलाई 2026। उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से 4 जुलाई शाम 6 बजे जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मानसून का प्रभाव और तेज होने की संभावना है। इसे देखते हुए 4 जुलाई से 8 जुलाई तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
आज इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के सभी जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पौड़ी, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी गर्जन वाले बादल विकसित होने और बारिश के तीव्र दौर चलने की संभावना जताई गई है।
अगले तीन घंटे तात्कालिक येलो अलर्ट
मौसम विभाग के तात्कालिक पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन घंटों के दौरान नैनीताल, टिहरी, अल्मोड़ा, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों के लिए तत्काल येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन क्षेत्रों में दर्ज हुई सबसे अधिक बारिश
रात्रि 8:30 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 38 मिलीमीटर बारिश लिती में दर्ज की गई। नैनीताल में 35 मिलीमीटर, मुक्तेश्वर में 31 मिलीमीटर और अल्मोड़ा में 16 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
5 जुलाई को और बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी जारी की गई है।
6 जुलाई को भी रहेगा असर
6 जुलाई को ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के कुछ इलाकों में भी बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
7 और 8 जुलाई को भी राहत नहीं
7 जुलाई को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं 8 जुलाई को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी दी गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से मौसम की ताजा चेतावनियों का पालन करने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


