Uttarakhand Weather: झमाझम बारिश और ऑरेंज अलर्ट जारी, पहाड़ों में बर्फबारी — जानिए कब मिलेगी राहत
प्रदेशभर में बारिश और तेज हवाओं का असर, पहाड़ों में बर्फबारी के साथ तापमान में गिरावट
देहरादून। उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। मंगलवार देर रात से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है, जबकि चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी भी शुरू हो गई है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और औली में ताजा हिमपात दर्ज किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में ठंडक बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में 12 अप्रैल तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। बुधवार 8 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में बारिश हुई। इन जिलों में 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी दर्ज की गई। वहीं राज्य के अन्य जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाओं ने तापमान में और गिरावट ला दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ अरब सागर और भूमध्यसागर से नमी लेकर आता है, जिससे बादलों का निर्माण होता है और बारिश होती है।
मंगलवार से मौसम में आए बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। अप्रैल के पहले सप्ताह में जहां आमतौर पर गर्मी बढ़ने लगती है, वहीं इस बार लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया है और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 8 अप्रैल को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके चलते इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में बिजली और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले एक से दो दिन में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि उसके बाद दो से तीन दिन में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। फिलहाल 12 अप्रैल तक मौसम का यही बदला हुआ रुख बना रह सकता है, जबकि 13 अप्रैल से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


