उत्तराखंड मौसम अलर्ट: भारी बारिश की चेतावनी के बीच इस जिले में 1 जुलाई को स्कूलों की छुट्टी घोषित
ऑरेंज अलर्ट के चलते बागेश्वर में 1 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद।
ऑरेंज अलर्ट के बीच 1 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी-निजी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
बागेश्वर। उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 1 और 2 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसी के मद्देनजर बागेश्वर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार 1 जुलाई को बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पांडे ने जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 जुलाई (बुधवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल रहेंगे बंद
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की सभी कक्षाओं का संचालन 1 जुलाई को बंद रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश की अवहेलना पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी विद्यालय या शिक्षण संस्थान आदेश की अनदेखी करते हुए खुला पाया जाता है, तो संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क करने को कहा गया है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


