उत्तराखंड: इनोवा कार खाई में गिरने से तीन युवकों की मौत, हादसे से गांव में मातम
पुलिस-एसडीआरएफ और प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
दो युवकों की मौके पर ही मौत , एक ने रास्ते में तोड़ा दम ,एक घायल अस्पताल में भर्ती
गांव में शोक की लहर, मृतकों के परिजनों में मचा कोहराम
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। मदकोट की ओर जा रही इनोवा कार बंगापानी-मदकोट मार्ग पर एन बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जिनमें से एक सेना जवान भी था। हादसे ने स्थानीय लोगों और परिवारों को सदमे में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार, मुनस्यारी की ओर जा रहे युवकों की कार लगभग एक किलोमीटर पहले सड़क पर नियंत्रण खो बैठी और खाई में जा गिरी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग और पुलिस कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। हादसे में लक्ष्मण सिंह नेगी, पुत्र राम सिंह नेगी, मूल निवासी धूरातोली मुनस्यारी और वर्तमान निवासी जीआईसी पिथौरागढ़, और अंकित पांडे, पुत्र बसंत पांडे, निवासी दौला, पिथौरागढ़, मृत पाए गए। लक्ष्मण सिंह नेगी सेना की एएमसी में कार्यरत थे और उनकी मौत से सेना परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक फैल गया।
गंभीर रूप से घायल आयुष पंत, पुत्र नरेंद्र पंत, को निजी वाहन और 108 एंबुलेंस के माध्यम से पिथौरागढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में अस्कोट के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, देवेश पंत, निवासी पिथौरागढ़, गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग , पुलिस -एसडीआरएफ टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत तथा बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पर्वतीय मार्गों पर वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं और घायलों के उपचार में हरसंभव सहयोग देने की घोषणा की है।
यह हादसा पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा और सतर्क ड्राइविंग की आवश्यकता को फिर से याद दिलाता है। अधिकारियों ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे पहाड़ी मार्गों पर अपनी गति नियंत्रण में रखें और सतर्क रहें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


