Uttarakhand School Holiday: भारी बारिश के चलते देहरादून-नैनीताल में 9 जुलाई को स्कूल बंद
भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच देहरादून और नैनीताल में 9 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट के बाद जिला प्रशासन का फैसला, आंगनबाड़ी केंद्रों में भी रहेगा अवकाश
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की तेज गतिविधियों और मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच देहरादून और नैनीताल जिलों में 9 जुलाई (गुरुवार) को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों जिलों के जिलाधिकारियों ने यह निर्णय लिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जारी आदेश में कहा है कि मौसम विभाग की चेतावनी और संभावित खराब मौसम को देखते हुए जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 9 जुलाई को एक दिन का अवकाश रहेगा।
उधर, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12) और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 9 जुलाई को अवकाश घोषित किया है। उन्होंने कहा कि जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने वाले संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने, खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


