Uttarakhand News: चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, छह वरिष्ठ चिकित्सकों के तबादले
उत्तराखंड सरकार ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में छह वरिष्ठ चिकित्सकों के तबादले और प्रभार परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं।
हल्द्वानी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, हरिद्वार और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों में बदला नेतृत्व, शासन ने तत्काल प्रभाव से नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के दिए निर्देश।
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह वरिष्ठ चिकित्सकों और मेडिकल कॉलेज प्राचार्यों के तबादले एवं प्रभार परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव के साथ हल्द्वानी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, हरिद्वार और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों के नेतृत्व में परिवर्तन किया गया है, जबकि चिकित्सा शिक्षा निदेशक का दायित्व भी नए अधिकारी को सौंपा गया है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा सोमवार देर शाम जारी आदेश के अनुसार, डॉ. अजय कुमार आर्य को निदेशक चिकित्सा शिक्षा के प्रभार से मुक्त करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. आशुतोष सयाना को राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर के प्राचार्य पद से स्थानांतरित कर चिकित्सा शिक्षा निदेशक का प्रभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में डॉ. चन्द्रप्रकाश भैंसौड़ा को राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर का प्राचार्य बनाया गया है। डॉ. चन्द्र मोहन सिंह रावत को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार से राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर का प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा डॉ. जी.एस. तितियाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी से स्थानांतरित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा का प्राचार्य बनाया गया है। वहीं हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉ. पंकज सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार का प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है।

शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें। माना जा रहा है कि इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाना है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


