Udham Singh Nagar: विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार तहसील के दो कर्मचारी
रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक
सितारगंज तहसील में संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक भूमि से जुड़ी कार्रवाई के बदले रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ट्रैप में फंसे, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू।
उधम सिंह नगर, 30 जुलाई 2026: सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने ऊधमसिंहनगर जिले की तहसील सितारगंज में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
सतर्कता अधिष्ठान को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया था कि तहसील सितारगंज में तैनात संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा भूमि पर जारी कुर्की आदेश समाप्त कराने, जमीन को बंधनमुक्त कराने तथा शिकायतकर्ता की पत्नी के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण पर जारी आरसी की कार्रवाई समाप्त करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत के अनुसार संग्रह अमीन ने ₹10,000 और वरिष्ठ सहायक ने ₹6,000 की रिश्वत मांगी थी।
प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने 29 जुलाई 2026 को तहसील सितारगंज कार्यालय में छापा मारकर संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को शिकायतकर्ता से ₹8,000 तथा वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा को ₹6,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस बीच सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत हो, तो इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल-फ्री नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दी जा सकती है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



गुरु पूर्णिमा विशेष: सत्य, सेवा और साधना से ही सार्थक बनता है जीवन—सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी