Pauri Road Accident: खाई में गिरी ईको वैन, एक की मौत; दो घायल
जड़ाऊखांद के पास खाई में गिरी ईको वैन, हादसे में एक की मौत और दो घायल
धुमाकोट-मर्चूला मार्ग पर जड़ाऊखांद के पास हादसा, चालक समेत दो घायल; अदालीखाल से धुमाकोट जा रही थी ईको वैन
पौड़ी। धुमाकोट-मर्चूला मार्ग पर जड़ाऊखांद के पास 26 अक्टूबर की देर शाम एक मारुति ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में हीरा सिंह (43) की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची धुमाकोट थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को रेस्क्यू कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान हीरा सिंह ने दम तोड़ दिया।
जड़ाऊखांद के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरी वैन
पुलिस के मुताबिक, मारुति ईको वैन अदालीखाल से धुमाकोट की ओर आ रही थी। इसी दौरान धुमाकोट तहसील मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर जड़ाऊखांद से लगभग 400 मीटर पहले चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
दुर्घटना की सूचना आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही धुमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट ले जाया गया।
हीरा सिंह की मौत, चालक समेत दो घायल
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान हीरा सिंह (43) पुत्र जगत सिंह, निवासी ग्राम देवलाड, धुमाकोट, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में वाहन चालक प्रदीप सिंह रावत उर्फ दीपू (38) पुत्र पान सिंह रावत और पंकज (19) पुत्र महिपाल सिंह घायल हुए हैं। दोनों भी ग्राम देवलाड के निवासी हैं। दोनों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट में उपचार किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा शव
धुमाकोट के थानाध्यक्ष सुनील पंवार ने बताया कि हादसे में घायल अवस्था में तीन लोगों को अस्पताल लाया गया था। उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नैनीडांडा भेजा जा रहा है। पुलिस की ओर से पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


