अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: भिकियासैंण में कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरी, तीन लोगों की मौके पर ही मौत
भिकियासैंण हादसे के बाद खाई में रेस्क्यू अभियान चलाती SDRF टीम।
जागर कार्यक्रम से लौट रहे तीन लोगों की कार गहरी खाई में गिरी, SDRF ने चलाया चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र में गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। भतरोंजखान थाना क्षेत्र में रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत जाने वाले मार्ग पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 से 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और प्रशासनिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।
सुबह मिली हादसे की सूचना
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास वाहन संख्या UK04F6683 की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी हुई है। आसपास वाहन दिखाई नहीं देने पर वाहन के खाई में गिरने की आशंका जताई गई। सूचना पर भतरोंजखान थाना पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा, SDRF, आपदा प्रबंधन, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं।
खाई में मिला दुर्घटनाग्रस्त वाहन
संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त मारुति ऑल्टो 800 सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में मिली। क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और ढलानयुक्त होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। SDRF टीम ने अपर उप निरीक्षक महिपाल सिंह के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक सर्चिंग के दौरान दो लोग अलग-अलग स्थानों पर अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला। इसके बाद विस्तृत सर्च अभियान चलाकर तीसरे व्यक्ति को भी बाहर लाया गया। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे मृतक
मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी, तहसील रानीखेत, कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल, तहसील रानीखेत (उम्र 32 वर्ष) तथा आनंद राम निवासी सोनी, रानीखेत (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे और ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
SDRF ने चलाया चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान
SDRF उत्तराखंड पुलिस ने कठिन परिस्थितियों के बीच कई घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों शवों को खाई से बाहर निकाला और अग्रिम कार्रवाई के लिए मोर्चरी रानीखेत भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


