Champawat News: शीतलहर और बर्फबारी से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
शीतलहर और बर्फबारी से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते डीएम मनीष कुमार।
सार्वजनिक स्थलों पर अलाव, निराश्रितों को कंबल और अस्थायी रैन बसेरों की होगी व्यवस्था, दूरस्थ क्षेत्रों में फरवरी तक खाद्यान्न व ईंधन का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश।
चंपावत, 4 नवंबर 2026:Champawat Weather News: जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शीतलहर और बर्फबारी के दौरान आमजन की सुरक्षा के लिए की जा रही तैयारियों की संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अलाव, कंबल वितरण, अस्थायी रैन बसेरों, खाद्यान्न एवं ईंधन की आपूर्ति, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क यातायात, पेयजल और विद्युत आपूर्ति की तैयारियों पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने शीतलहर से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने और निराश्रित लोगों को कंबल वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्था की जाए। इनमें बिजली, पेयजल, बिस्तर और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रहे। रैन बसेरों के संचालन और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने शीतकाल के समय बचाव हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य संबंधित एडवाइजरी निरन्तर जारी करते रहने के निर्देश दिये, उन्होंने एसडीओ वन विभाग को जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिये प्रचार प्रसार किये जाने और उरेड़ा विभाग को सोलर लाइट लगाने सम्बंधित आवश्यक निर्देश दिये।
खाद्य आपूर्ति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनवरी 2027 के अंत तक की जरूरत को ध्यान में रखते हुए खाद्यान्न और ईंधन का पर्याप्त भंडारण करने के निर्देश दिए। दूरस्थ क्षेत्रों के लिए फरवरी 2027 के अंत तक की आवश्यकता के अनुसार भंडारण की व्यवस्था करने को कहा, ताकि बर्फबारी के दौरान भी जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवाओं में तैनात चिकित्सकों का विवरण तैयार रखने और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को शीतलहर और बर्फबारी के दौरान पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के लिए आवश्यक तैयारियां करने को कहा।
सड़क सुरक्षा के संबंध में जिलाधिकारी ने बर्फबारी और पाले से प्रभावित मार्गों पर यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाले से फिसलन वाले हिस्सों में जरूरत के अनुसार चूने आदि का छिड़काव कराया जाए और संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी के कारण फंसने वाले पर्यटकों के लिए आवश्यक इंतजाम करने और विभिन्न विभागों में कार्यरत श्रमिकों के लिए पर्याप्त आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरूप, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आर. पी. डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता और यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


