तोताघाटी के पास चारधाम यात्रा बस पलटी, ब्रेक फेल से हादसा; SDRF ने किया त्वरित रेस्क्यू
तोताघाटी में पलटी चारधाम यात्रा बस, SDRF का रेस्क्यू जारी।
हादसे में 39 यात्री थे सवार, 3–4 को हल्की चोटें; SDRF और पुलिस ने मौके पर सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला
टिहरी गढ़वाल, 07 जून 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। चारधाम यात्रा से जुड़ी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार 07 जून 2026 को प्रातः लगभग 08:30 बजे डीसीआर टिहरी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि तोताघाटी के पास एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला एवं ब्यासी की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि बदरीनाथ से ऋषिकेश की ओर आ रही चारधाम यात्रा बस (संख्या UK04 PA 0418) ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई थी। बस में कुल 39 यात्री सवार थे।
दुर्घटना में 03 से 04 यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर मौजूद 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार हेतु ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी अन्य यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की गंभीर जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। टीम द्वारा घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित कर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य किया गया।
चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल के अनुसार सभी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। अधिकांश यात्रियों को दूसरे वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।
वहीं, दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर प्रशासन द्वारा सुचारू कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


