हल्द्वानी: मंदिर से 20 घंटियां, तांबे का कलश व नगदी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चोरगलिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर चोरी का किया खुलासा
आरोपियों के कब्जे से मंदिर की घंटियां, कलश और ₹1580 नगद बरामद
Haldwani News- मंदिर से घंटियां, तांबे का कलश और दानपात्र की नगदी चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को थाना चोरगलिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक थाना चोरगलिया हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को वादी आशीष बेलवाल निवासी बसंतपुर किशनपुर, थाना चोरगलिया ने मंदिर से घंटियां, तांबे का कलश और दानपात्र की नगदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना चोरगलिया में मु0एफआईआर संख्या 15/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सक्रियता से सुरागरसी और पतारसी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कुंवर पाल (24) पुत्र स्व. खुशी राम निवासी दानीबंगर, डौलीखत्ता मार्ग, थाना चोरगलिया तथा नितिन कुमार (19) पुत्र भीम सिंह निवासी ठाकुरद्वारा चुंगी, काठगोदाम के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर की 20 पीतल की घंटियां, एक तांबे का कलश तथा दानपात्र से चोरी किए गए 1, 2, 5, 10 और 20 रुपये के सिक्कों सहित कुल 1580 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कुंवर पाल के खिलाफ पूर्व में भी हल्द्वानी, मुखानी और काठगोदाम थानों में चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, अपर उपनिरीक्षक तालिब हुसैन, कांस्टेबल उत्तम सिंह, कांस्टेबल भारत भूषण और कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


