Uttarakhand News: टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी ट्रेन की सौगात, मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों से पूरी हुई वर्षों पुरानी मांग
टनकपुर-तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस का 6 जुलाई को होगा शुभारंभ
6 जुलाई को केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह दिखाएंगे हरी झंडी, सप्ताह में एक दिन चलेगी ट्रेन; खटीमा में भी होगा ठहराव
टनकपुर/नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से सीमांत क्षेत्र के लोगों को सिखों के पवित्र तीर्थस्थल तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा की सौगात मिली है। टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस का शुभारंभ 6 जुलाई को केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री रवनीत सिंह टनकपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर करेंगे। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी, जिससे उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के साथ-साथ तराई के हजारों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
सीमांत क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से टनकपुर से लंबी दूरी की रेल सेवा शुरू करने की मांग रही है। सिख बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग भी लगातार उठाई जा रही थी। स्थानीय लोगों ने यह मांग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी रखी थी, जिसके बाद उनके प्रयासों से इस रेल सेवा को मंजूरी मिली।
यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ से रवाना होकर अकोला, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, झांसी, आगरा, मथुरा और बरेली होते हुए मंगलवार सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी। वहीं, मंगलवार सुबह 9 बजे टनकपुर से रवाना होकर बुधवार अपराह्न 4:30 बजे नांदेड़ पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार 12 जुलाई को यह ट्रेन नांदेड़ से चलेगी और 14 जुलाई को टनकपुर पहुंचेगी। इसी दिन वापसी यात्रा भी शुरू होगी, जबकि 14 जुलाई से इसका नियमित संचालन प्रारंभ हो जाएगा।
टनकपुर से रवाना होने के बाद ट्रेन सुबह 9:26 बजे खटीमा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और तीन मिनट के ठहराव के बाद सुबह 9:29 बजे आगे के लिए रवाना होगी। पहले इस ट्रेन का खटीमा में ठहराव प्रस्तावित नहीं था, लेकिन अब इसे मंजूरी मिल गई है। हालांकि रेलवे की समय-सारिणी में इसका औपचारिक अपडेट होना अभी बाकी है।
नई रेल सेवा शुरू होने से तराई के सिख समाज में खुशी का माहौल है। नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय रेल मंत्री और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पशु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रंजीत सिंह नामधारी को सिरोपा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि यह रेल सेवा लंबे समय से सिख समाज की प्रमुख मांग थी। इसके शुरू होने से उत्तराखंड के तराई क्षेत्र सहित आसपास के राज्यों के हजारों श्रद्धालुओं के लिए नांदेड़ साहिब की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। विशेष रूप से चम्पावत जिले के ऐतिहासिक गुरुद्वारा रीठा साहिब, ऊधम सिंह नगर स्थित गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब तथा आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में कमेटी ने एक और मांग उठाते हुए कहा कि यदि इस रेल सेवा का विस्तार अमृतसर तक कर दिया जाए और इसे भोजीपुरा, लालकुआं तथा बाजपुर होकर संचालित किया जाए, तो उत्तराखंड के हजारों श्रद्धालुओं को श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) तक भी सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं का समय एवं खर्च दोनों कम होंगे।
बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जोगिंदर सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह बोपाराय, सचिव हरभजन सिंह सहित कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सिख समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में समाज के प्रतिनिधियों ने रेलवे मंत्रालय से टनकपुर-नांदेड़ रेल सेवा का अमृतसर तक विस्तार करने की मांग दोहराई।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


