रुद्रप्रयाग: ग्रीन, क्लीन और पर्यावरण अनुकूल केदारनाथ यात्रा 2026 के लिए प्रशासन सक्रिय
गुप्तकाशी में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश

रुद्रप्रयाग, 05 अप्रैल 2026: आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा, जो कि 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रही है, को ग्रीन, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार स्वच्छता अभियान चला रहा है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।
इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में नगर पंचायत गुप्तकाशी के अंतर्गत मुख्य बाजार क्षेत्र में वृहद स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बाजार क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया तथा एकत्रित ठोस अपशिष्ट का विधिवत निस्तारण भी किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि इस वर्ष संपूर्ण यात्रा मार्ग पर स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा यात्रा को पूर्णतः पर्यावरण अनुकूल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से लगातार विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। गुप्तकाशी में आयोजित इस अभियान के माध्यम से स्थानीय जनता एवं व्यापार मंडल को भी जागरूक किया गया कि वे कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकांशतः साफ पाया गया, किन्तु बाजार क्षेत्र में नालियों में कुछ स्थानों पर गंदगी पाई गई, जिसे तत्काल साफ कराया गया। साथ ही अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि संबंधित स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे संपूर्ण क्षेत्र स्वच्छ बना रहे और यात्रियों के बीच एक सकारात्मक संदेश जाए।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि यात्रा मार्ग के प्रत्येक पड़ाव पर स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के मानकों का सख्ती से पालन हो। प्रशासन का उद्देश्य है कि केदारनाथ यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बने, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का भी उदाहरण प्रस्तुत करे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष गुप्तकाशी विशेश्वरी देवी, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी०आर० मलेठा, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, तहसीलदार ऊखीमठ रमेश सिंह रावत, प्रतिनिधि सुलभ इंटरनेशनल धनंजय पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


