Rishikesh News: गंगा की तेज धारा में समाए दिल्ली के दो युवक, स्नान के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा; सर्च ऑपरेशन जारी
गंगा में लापता दो युवकों की तलाश में जुटी एसडीआरएफ टीम।
सिंगटाली पुल के पास दोस्तों के साथ नहा रहे थे दोनों युवक, एसडीआरएफ ने देर शाम तक चलाया रेस्क्यू अभियान; बढ़े जलस्तर और मटमैले पानी से तलाश में आ रही कठिनाई।
ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिंगटाली पुल के समीप गंगा में स्नान के दौरान दिल्ली से घूमने आए दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और युवकों की तलाश में व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हालांकि देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
एसडीआरएफ के प्रभारी निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि शनिवार शाम करीब 3:30 बजे जिला कंट्रोल रूम, पौड़ी से सूचना प्राप्त हुई कि थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के अंतर्गत ऋषिकेश से लगभग 30 किलोमीटर दूर सिंगटाली पुल के पास दो युवक गंगा में स्नान करते समय तेज धारा में बह गए हैं।
जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला और ब्यासी की रेस्क्यू टीमें आधुनिक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुईं। जांच में पता चला कि दिल्ली से छह दोस्तों का एक समूह घूमने के लिए ऋषिकेश आया था। सभी युवक सिंगटाली पुल के समीप गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में लापता हो गए। उनके साथ मौजूद साथियों ने तत्काल जिला कंट्रोल रूम को सूचना दी।
घटना के बाद एसडीआरएफ की टीमों ने नदी के किनारों और संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया, लेकिन गंगा का बढ़ा हुआ जलस्तर और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का पानी अत्यधिक मटमैला होने से रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। देर शाम तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल पाया।
लापता युवकों की पहचान प्रेम (26 वर्ष), निवासी जड़ौदा, बुराड़ी, नई दिल्ली तथा राजन (24 वर्ष), निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को दे दी गई है। एसडीआरएफ ने बताया कि मौसम और नदी की परिस्थितियों को देखते हुए रविवार को भी सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी रखा जाएगा।
एसडीआरएफ ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में गंगा और अन्य नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान करने या पानी के भीतर जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


