Nainital News: चीना पीक के जंगलों में लापता अर्णव की तलाश तेज, पुलिस-SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
लापता अर्णव की तलाश में चीना पीक के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाती पुलिस और SDRF की टीम।
डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीमों की मदद से दुर्गम जंगलों में सघन कॉम्बिंग, छह नवंबर की शाम से लापता है युवक
नैनीताल, 10 नवंबर 2026। नैनीताल के चीना पीक जंगल क्षेत्र से लापता युवक अर्णव कुमार सिंह (उर्फ प्रिंस कुमार) की तलाश में पुलिस और SDRF का संयुक्त सर्च एंड रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। युवक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस, SDRF, वन विभाग, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीमों को मैदान में उतारा गया है। टीमें चीना पीक के दुर्गम और घने जंगलों में सघन कॉम्बिंग कर चप्पे-चप्पे को खंगाल रही हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान की कमान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन और सीओ नैनीताल अंजना नेगी के पर्यवेक्षण में संभाली जा रही है। प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
घूमने आया था दोस्तों के साथ, चीना पीक से अचानक हुआ लापता
पुलिस के अनुसार अर्णव कुमार सिंह अपने साथियों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। छह नवंबर 2026 को चीना पीक क्षेत्र में घूमने के दौरान शाम करीब पांच बजे वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने व्यापक स्तर पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
युवक की तलाश में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश जोशी सहित मल्लीताल कोतवाली पुलिस, SDRF, वन विभाग, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीमों को लगाया गया है। जंगल के दुर्गम रास्तों और घने वन क्षेत्र में अलग-अलग टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। पुलिस की ओर से युवक की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आमजन से की सहयोग की अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को लापता अर्णव कुमार सिंह के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या वह कहीं दिखाई देते हैं, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
सूचना देने के लिए संपर्क नंबर:
कोतवाली मल्लीताल: 05942-2352424
प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल: 9411112869
पुलिस कंट्रोल रूम नैनीताल: 9411112979
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि युवक की तलाश में किसी भी तरह की उपयोगी जानकारी मिलने पर तत्काल साझा करें, ताकि उनकी सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने में मदद मिल सके।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


