उधम सिंह नगर: पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड का मुख्य शूटर रिंकू शर्मा गिरफ्तार
एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 6 वर्षों से फरार अपराधी गिरफ्तार, हत्या, रंगदारी और गैंगस्टर मामलों में शामिल
उधम सिंह नगर, 08 अप्रैल 2026: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत रुद्रपुर में 12 अक्टूबर 2020 को भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की दिनदहाड़े हुई हत्या में शामिल मुख्य शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को उत्तराखण्ड एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय पार्षद अपने घर के बाहर थे, जब बदमाशों ने उन्हें फंसाकर कार में सवार अन्य आरोपियों के साथ ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को सुपारी दी गई थी।
एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि रिंकू शर्मा पिछले लंबे समय से फरार था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ ने विशेष रणनीति बनाई थी, जिसमें तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं और भौतिक साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण किया गया। लगभग एक माह से आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी।
आज प्रातः तड़के विश्वसनीय सूचना प्राप्त होने पर एसटीएफ और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन घेराबंदी और चेकिंग अभियान चलाया। सुनियोजित कार्रवाई के परिणामस्वरूप रिंकू शर्मा को गिरफ्तार कर कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल किया गया, जहां उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त रिंकू शर्मा उर्फ पंडित, पुत्र मुकेश शर्मा, निवासी जग्गा का पुरा, थाना डिमनी, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) का रहने वाला है और उसकी उम्र 32 वर्ष है। उस पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी वसूली और गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं।
उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत एसटीएफ लगातार जघन्य अपराधों में वांछित और फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय है। एसटीएफ ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तारी में शामिल उत्तराखण्ड एसटीएफ टीम में निरीक्षक एमपी सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल गोविन्द बिष्ट, कांस्टेबल गुरवंत सिंह, मोहित वर्मा, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कनवाल, दुर्गा सिंह पापड़ा और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम के प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक चन्दन सिंह बिष्ट, कांस्टेबल अमित कुमार व रघुनाथ सिंह शामिल थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


