देहरादून: होमस्टे के नाम पर होटल! डीएम का बड़ा एक्शन, 17 का पंजीकरण निरस्त
जिलाधिकारी सविन बंसल (फाइल फोटो)
नियमों का उल्लंघन, बार संचालन और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई; पर्यटन वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया शुरू
देहरादून, 29 अप्रैल 2026। जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने होमस्टे संचालन की गहन जांच कराई। जांच में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रथम चरण में 17 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। संबंधित होमस्टे को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पाया गया कि कई होमस्टे होटल की तरह संचालित हो रहे थे। इन स्थानों पर रात भर नियमों के विरुद्ध बार संचालन, लाउड डीजे और अन्य अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि कई होमस्टे में बिना निर्धारित प्रक्रिया के पर्यटकों को ठहराया जा रहा था और कुछ स्थानों पर इन्हें लीज या किराये पर चलाया जा रहा था। उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों द्वारा इन होमस्टे में ठहरकर शहर में हुड़दंग, नशे की हालत में ओवरस्पीड और फायरिंग जैसी घटनाएं भी सामने आईं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कानून से ऊपर कोई नहीं है। महज सात दिनों में मजिस्ट्रेट की पांच टीमों का गठन कर जांच अभियान चलाया गया, जिसमें इन अनियमितताओं का खुलासा हुआ।
निरीक्षण के दौरान कई होमस्टे में रसोई की व्यवस्था नहीं मिली, अग्निशमन उपकरण या तो मौजूद नहीं थे या उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। कुछ स्थानों पर निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन किया जा रहा था, जबकि विदेशी नागरिकों के ठहराव की सूचना भी नियमानुसार उपलब्ध नहीं कराई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति और रोजगार को बढ़ावा देना है, लेकिन नियमों का उल्लंघन कर इसे व्यावसायिक होटल के रूप में संचालित करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


