देहरादून: राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के बीच दर्दनाक हादसा, पंडाल का पोल गिरने से कांग्रेस नेता की मौत
देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान पंडाल का एल्यूमिनियम पोल गिरने से कांग्रेस नेता की मौत
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर की फिटिंग के दौरान हुआ हादसा, सिर पर एल्यूमिनियम पोल गिरने से गंभीर रूप से घायल नेता ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
देहरादून, 16 जुलाई। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर की अंतिम फिटिंग के दौरान एल्यूमिनियम का एक भारी पोल (खंभा) अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 65 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।
जानकारी के अनुसार, अमर मेहता गुरुवार शाम करीब छह बजे अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बन्नू स्कूल ग्राउंड पहुंचे थे, जहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था। पंडाल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका था और अंतिम चरण की फिटिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक एल्यूमिनियम का एक खंभा उनके सिर पर आ गिरा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
सीएमआई अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. महेश कुडियाल के अनुसार, अमर मेहता के सिर में गंभीर चोट लगी थी। उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार दिया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने अमर मेहता को अस्पताल पहुंचाया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।
अमर मेहता के पुत्र आलोक मेहता महानगर कांग्रेस कमेटी में महामंत्री हैं। घटना के बाद कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे तथा दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस और प्रशासन ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अमर मेहता के शव का पोस्टमार्टम कोरोनेशन अस्पताल में कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह घटना कार्यक्रम स्थल पर टेंट एवं जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर की फिटिंग के दौरान हुए हादसे के रूप में सामने आई है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा मानकों और निर्माण कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



गुप्त नवरात्रि: समय माता मंदिर में मां बगलामुखी की विशेष साधना, सत्य साधक विजेंद्र पांडे का लोककल्याण अनुष्ठान