Nainital News: लालकुआं का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर ‘पिद्दा’ साथी समेत गिरफ्तार, 7 दुकानों में चोरी का खुलासा
लालकुआं पुलिस की गिरफ्त में हिस्ट्रीशीटर 'पिद्दा' और उसका साथी, बरामद नकदी व चोरी का सामान।
₹2.28 लाख की नकदी, चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद; लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम की सात दुकानों में सेंधमारी का खुलासा
हल्द्वानी, 26 जून 2026: नैनीताल पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ऐसे शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में लगातार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹2.28 लाख से अधिक की चोरी की नकदी, एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से 32 जबकि उसके साथी के खिलाफ 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 24 मई, 9 जून और 15 जून 2026 को लालकुआं क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए, जिसके बाद विशेष पुलिस टीम गठित कर तकनीकी और मैनुअल जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार सुरागरसी-पतारसी की। इसके बाद 26 जून 2026 को पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की चार, मुखानी थाना क्षेत्र की दो तथा काठगोदाम थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर सभी मामलों में चोरी गई संपत्ति भी बरामद कर ली गई।
दो लाख से अधिक की नकदी और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹2,28,200 की चोरी की नकदी, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK04L-3095) तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया लगभग ₹16 हजार कीमत का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामदगी में काठगोदाम क्षेत्र की चोरी से संबंधित दो लाख रुपये की नकदी भी शामिल है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्लों में रखी नकदी चोरी कर लेता था। उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी करता था और किसी के आने-जाने की सूचना देता था। चोरी की रकम दोनों नशे और अन्य शौक पूरे करने में खर्च कर देते थे। दोनों का कोई स्थायी ठिकाना भी नहीं था।
45 मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा लालकुआं का हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर के खिलाफ भी 13 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ अब संबंधित चोरी के मामलों में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने चोरी की सात वारदातों का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें ₹2,500 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


