Nainital News: कोसी नदी में नहाते समय हादसा, तेज बहाव में बहने से सेना के जवान की मौत
कोसी नदी में जवान की तलाश करती एसडीआरएफ टीम
बेतालघाट में पैर फिसलने से तेज बहाव की चपेट में आए 38 वर्षीय पृथ्वी पाल सिंह, छह वर्षीय बेटे के सामने हुआ हादसा
नैनीताल। बेतालघाट क्षेत्र में कोसी नदी में नहाने के दौरान सेना के एक जवान की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। 38 वर्षीय नायब सूबेदार पृथ्वी पाल सिंह नदी में अचानक पैर फिसलने के बाद गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की तलाश के बाद जवान का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर पत्थरों के बीच बरामद किया गया।
हादसे की सूचना के बाद जवान के परिवार में कोहराम मच गया। सबसे मार्मिक दृश्य उस समय सामने आया, जब पृथ्वी पाल सिंह के छह वर्षीय इकलौते बेटे ओम ने अपने पिता का शव देखा और बेसुध हो गया। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, पृथ्वी पाल सिंह मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट क्षेत्र के कुंस्यारी गांव के रहने वाले थे। वह भारतीय सेना की एजुकेशन कोर में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे और वर्तमान में पंजाब के भटिंडा में उनकी तैनाती थी। उनका परिवार हल्द्वानी के भगवानपुर क्षेत्र में रहता है।
बताया गया कि पृथ्वी पाल सिंह छुट्टी पर अपने पैतृक गांव गए हुए थे। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह रानीखेत से हल्द्वानी लौट रहे थे। इसी दौरान बेतालघाट के शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग पर धारी-उडियार के पास वह अपने छह वर्षीय बेटे ओम और साथियों धन सिंह, नरेंद्र सिंह तथा राजेंद्र सिंह के साथ कोसी नदी में नहाने के लिए रुक गए।
नदी में नहाने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे। कोसी नदी के तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते बह गए। साथ मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने नदी के संभावित क्षेत्रों में जवान की तलाश की। तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर पत्थरों के बीच पृथ्वी पाल सिंह का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।
सेना के जवान की नदी में बहने से हुई मौत की खबर के बाद उनके पैतृक गांव और हल्द्वानी स्थित परिवार में शोक की लहर है। छह वर्षीय बेटे के सामने हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


