Nainital News: कैंची धाम के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत; चार घायल
कैंची धाम मार्ग पर हादसे के बाद एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन।
भवाली-कैंची धाम मार्ग पर निगलाट के पास देर रात हुआ हादसा, SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान; बरेली के रहने वाले थे सभी पांचों श्रद्धालु
नैनीताल, 12 नवंबर 2026। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली-कैंची धाम मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरेली से कैंची धाम दर्शन के लिए आ रहे पांच श्रद्धालुओं की स्विफ्ट डिजायर कार निगलाट क्षेत्र में जंगलात बैरियर के पास अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों लोगों को खाई से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात भवाली-कैंची धाम मार्ग पर निगलाट के समीप वाहन संख्या UP 25 EJ 4586 अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी थे और कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा इतना गंभीर था कि कार करीब 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना नैनीताल आपदा नियंत्रण कक्ष से मिलने के बाद एसडीआरएफ पोस्ट खैरना से उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने खाई में उतरकर चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया गया। वहीं, हादसे में कार चालक अनुज तिवारी (29) की मौके पर ही मौत हो गई थी। एसडीआरएफ ने उनका शव भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बरेली के रहने वाले थे सभी श्रद्धालु
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान सनी (23) पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम मिल कॉपर, बरेली; रवि पुत्र दिनेश मौर्य, निवासी बरेली; संचित पुत्र हृदय नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली और संदीप शर्मा पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी बरेली के रूप में हुई है।
वहीं, दुर्घटना में जान गंवाने वाले कार चालक की पहचान अनुज तिवारी (29) पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली के रूप में हुई है।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। देर रात हुए इस हादसे में एसडीआरएफ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चार घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका। गुरुवार को मृतक के शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही थी।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


