Nainital Crime: हल्द्वानी-लालकुआं में 3 शराब तस्कर गिरफ्तार, भारी बरामदगी
हल्द्वानी-लालकुआं में ऑपरेशन प्रहार के तहत बरामद अवैध शराब, पुलिस की कार्रवाई
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई, अंग्रेजी-देसी शराब और कच्ची शराब के 110 पाउच बरामद
हल्द्वानी/लालकुआं। नैनीताल जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। 4 अक्टूबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और परिवहन के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी के दौरान पुलिस टीमों को अलग-अलग स्थानों पर सफलता मिली।
घास मंडी में अंग्रेजी शराब के 104 क्वार्टर बरामद
कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की टीम ने मंगलपड़ाव क्षेत्र की घास मंडी में कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चौकी मंगलपड़ाव प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की और पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान रजत रावत पुत्र हरि सिंह रावत निवासी अंबा विहार, बरेली रोड, हल्द्वानी को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से अंग्रेजी शराब के 100 क्वार्टर और 4 हाफ बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
देर रात स्कूटी से शराब बेचने का आरोप, 56 बोतलें बरामद
दूसरी कार्रवाई में भोटियापड़ाव पुलिस ने वर्कशॉप लाइन स्थित बरसाती नहर के पास से एक युवक को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव उपनिरीक्षक कृपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गगन सिंह उर्फ अंडा पुत्र स्वर्गीय परमजीत सिंह, निवासी नैनीताल रोड, उम्र 32 वर्ष को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 48 पव्वे देसी मसालेदार शराब माल्टा और 8 क्वार्टर अंग्रेजी शराब इंपिरियल ब्लू बरामद हुई। पुलिस का आरोप है कि आरोपी देर रात शराब की दुकानें बंद होने के बाद ओला स्कूटी की डिग्गी में शराब रखकर बरसाती नहर क्षेत्र में अवैध रूप से बिक्री कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ओला स्कूटी को भी धारा 72 आबकारी अधिनियम के तहत पुलिस कब्जे में लिया गया है।
बिंदुखत्ता में कच्ची शराब के 110 पाउच के साथ आरोपी गिरफ्तार
वहीं, लालकुआं क्षेत्र में भी पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई की। क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित टीम संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग तथा गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिंदुखत्ता के इमलीघाट क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सूरज सिंह पुत्र जीत सिंह निवासी धौराडाम, नाजिमाबाद, थाना किच्छा, जिला ऊधम सिंह नगर के कब्जे से सफेद प्लास्टिक के कट्टे में कच्ची शराब के 110 पाउच बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में कोतवाली लालकुआं में FIR संख्या 154/26, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नैनीताल पुलिस की इन कार्रवाइयों में हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र से कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने अंग्रेजी और देसी शराब के साथ कच्ची शराब के पाउच भी बरामद किए हैं। ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


