Uttarakhand: मंत्री बनाने के लिए विधायकों से करोड़ों रुपए मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ ,मास्टरमाइंड गिरफ्तार
Udham Singh Nagar News– उत्तराखंड के तीन विधायकों सहित अन्य राज्य के विधायकों को मंत्री बनाने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर पुलिस ने मुख्य आरोपी मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो आरोपी पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुके थे।
केंद्रीय गृह मंत्री के बेटे के नाम से रुद्रपुर, नैनीताल और हरिद्वार के रानीपुर विधायक को मंत्री बनाने का झांसा देने और करोड़ों रुपये मांगने वाले मास्टरमाइंड को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी ने उत्तराखंड के अलावा मणिपुर, ओडिशा और कर्नाटक के विधायकों को कॉल करने की बात स्वीकारी है।
रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के नंबर पर बीती 13 फरवरी को एक युवक ने काॅल कर खुद को गृह मंत्री अमित शाह का बेटा जय शाह बताकर मंत्री बनाने के लिए तीन करोड़ रुपये मांगे। इसी तरह नैनीताल विधायक सरिता आर्या और भेल रानीपुर विधायक आदेश चौहान को भी फोन किया। तीनों थानों क्षेत्रों की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
दिल्ली से दबोचा मास्टरमाइंड को
18 फरवरी को पुलिस ने मामले में मूलरूप से एटा के निधौली कला और हाल निवासी खोडा कॉलोनी (गाजियाबाद) उवैश अहमद को रुद्रपुर से गिरफ्तार किया, वहीं उवैश के साथी प्रियांशु पंत को हरिद्वार पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों को जेल भेज दिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी गौरव नाथ निवासी सपेरा बस्ती थाना गाजीपुर नई दिल्ली पुलिस के हाथ नहीं लग सका था। 18 फरवरी से ही एक टीम दिल्ली में उसकी तलाश में जुटी थी।
नशे और जुए का आदी है आरोपी
ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रविवार को एसओजी और कोतवाली पुलिस ने गौरव नाथ को दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह जुए और नशे का आदी है।
अपने शौक पूरे करने के लिए उसने दो साथियों की मदद से प्लान बनाया था। साथियों की गिरफ्तारी के बाद उसने घर छोड़ दिया था। वह अपने दोस्तों और परिचितों के घरों में शरण ले रहा था। उसने मणिपुर, ओडिशा और कर्नाटक के विधायकों को भी कॉल कर रकम मांगने की बात स्वीकारी है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



Bank Jobs: बैंक ऑफ बड़ौदा में निकली 5000 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती, आज से करें आवेदन