Lalkuan News: लालकुआं में दो सड़क हादसे, किशोरी की मौत; तीन घायल
लालकुआं क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हल्दूचौड़ में डंपर की टक्कर से 14 वर्षीय किशोरी की मौत, पिता गंभीर घायल; मुक्तिधाम के पास कार की टक्कर से युवक घायल
लालकुआं, 01 अक्टूबर 2026। लालकुआं क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके पिता समेत दो लोग घायल हो गए। हल्दूचौड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर डंपर की टक्कर से पिता-पुत्री हादसे का शिकार हुए। वहीं, लालकुआं नगर में मुक्तिधाम श्मशान घाट के सामने कार की टक्कर से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हल्दूचौड़ में डंपर की टक्कर से किशोरी की मौत
हल्दूचौड़ स्थित गायत्री शक्तिपीठ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर पिता-पुत्री स्कूटी से किच्छा लौट रहे थे। इसी दौरान एचपी पेट्रोल पंप और नंदी ऑटोमोबाइल के पास पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में बंडिया, किच्छा निवासी 42 वर्षीय सुरेंद्र कुमार और उनकी 14 वर्षीय पुत्री प्रेरणा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रेरणा को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुरेंद्र कुमार का उपचार चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
बताया गया कि पिता-पुत्री हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में आयोजित खेल महाकुंभ में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों स्कूटी से अपने घर किच्छा लौट रहे थे। हादसे में शामिल डंपर को पुलिस ने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुक्तिधाम के पास कार की टक्कर से युवक घायल
दूसरी घटना लालकुआं नगर में मुक्तिधाम श्मशान घाट के सामने स्थित कट के पास हुई। यहां नगला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने लालकुआं की ओर मुड़ रहे इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार बिंदुखत्ता निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार कर्नाटक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनोज कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके दोनों पैरों, सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को 108 सेवा के माध्यम से एसटीएच हल्द्वानी भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है और हालत नाजुक बताई गई है।
पुलिस ने कार और इलेक्ट्रिक स्कूटी को कब्जे में ले लिया है। दोनों हादसों की जांच की जा रही है।
लालकुआं क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए इन सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों में दुर्घटनाओं के कारणों और संबंधित परिस्थितियों की जांच कर रही है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


