उत्तराखंड के केतन लाल हत्याकांड में बड़ा मोड़, मृतक समेत दो पर पॉक्सो व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज
फाइल फोटो: मृतक केतन लाल (बाएं) और दिवाकर डिमरी (दाएं)।
हाईकोर्ट के निर्देश पर हुई कार्रवाई, नाबालिग के मेडिकल परीक्षण के बाद लंबगांव पुलिस ने दर्ज की एफआईआर; हत्या और पॉक्सो दोनों मामलों की अलग-अलग जांच जारी
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी जनपद अंतर्गत प्रतापनगर क्षेत्र के चर्चित केतन लाल हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। मेडिकल रिपोर्ट और उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद लंबगांव पुलिस ने मृतक केतन लाल और उसके साथी दिवाकर डिमरी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रतापनगर विकासखंड के खोलगढ़ गांव निवासी एक नाबालिग की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 जून की रात केतन लाल और दिवाकर डिमरी उनके घर में घुस आए और उनकी नाबालिग बेटी के साथ जबरदस्ती की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उन्होंने उच्च न्यायालय का रुख किया।
मामले की सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने पुलिस को नाबालिग का पक्ष सुनने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद नाबालिग की मां की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष डीपी काला ने बताया कि मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक हेमलता को सौंपी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 7 जून को प्रतापनगर क्षेत्र में अनुसूचित जाति के युवक केतन लाल की हत्या का मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना था। आरोप था कि सवर्ण समाज की एक किशोरी से दोस्ती के कारण किशोरी के परिजनों ने केतन लाल और उसके साथी दिवाकर डिमरी को घर बुलाया, जहां दोनों के साथ मारपीट की गई। इस घटना में केतन लाल की मौत हो गई थी।
हत्या के मामले में पुलिस ने किशोरी के पिता, दादा समेत चार आरोपितों को हत्या, एससी/एसटी एक्ट और अन्य धाराओं में गिरफ्तार किया था। अब इसी प्रकरण में पॉक्सो और दुष्कर्म का अलग मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले की जांच का दायरा और व्यापक हो गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



Indian Air Force Recruitment 2026: एयरफोर्स में नौकरी का बड़ा मौका, 12वीं पास युवाओं से मांगे आवेदन