Rudrapur News: दिल्ली से घर लौट रहे नैनीताल के युवक की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
रुद्रपुर के टांडा जंगल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर में नैनीताल निवासी युवक की मौत। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
टांडा जंगल के पास बाइक को मारी टक्कर, अस्पताल में तोड़ा दम; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन की तलाश शुरू
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नैनीताल जिले के 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक दिल्ली से बाइक पर अपने घर लौट रहा था, तभी टांडा जंगल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कुंदन सिंह सम्मल (24) पुत्र खुशाल सिंह सम्मल निवासी ग्राम राशिल, काठगोदाम, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। कुंदन पिछले चार वर्षों से दिल्ली के एक होटल में नौकरी कर रहा था। वह अकेले बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सिडकुल चौकी क्षेत्र के अंतर्गत टांडा जंगल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

फाइल फोटो: कुंदन सिंह सम्मल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को 108 एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। कुंदन सिंह परिवार के सबसे बड़े बेटे थे। परिवार में तीन भाई और एक बहन हैं। उनके पिता खुशाल सिंह सम्मल किसान हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी कुंदन की महत्वपूर्ण भूमिका थी। उनकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।
सिडकुल चौकी के एसएसआई अनिल मेहता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अज्ञात वाहन की टक्कर का प्रतीत होता है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हादसे के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


