Haldwani News: पहलवान ने मालिश के बाद हिलाई गर्दन, 24 वर्षीय महिला की मौत
हल्द्वानी में 24 वर्षीय महिला की मौत का मामला
कालाढूंगी रोड पर झोलाछाप के इलाज के दौरान बिगड़ी 24 वर्षीय मीनाक्षी की हालत, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; संबंधित दुकान के निरीक्षण में बंद मिली

हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड पर गर्दन के दर्द की मालिश कराने पहुंची 24 वर्षीय महिला मीनाक्षी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पति रामचंद्र का आरोप है कि मालिश के दौरान पहलवान ने उनकी पत्नी की गर्दन को जोर से हिला दिया, जिसके बाद वह मौके पर ही बेसुध हो गईं। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ा तो स्वास्थ्य विभाग ने भी संज्ञान लेते हुए संबंधित दुकान का निरीक्षण किया। हालांकि, महिला की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

मालिश के बाद अचानक बिगड़ी हालत, पति ने बताया आंखों देखा घटनाक्रम
मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रहते हैं और निजी संस्थान में नौकरी करते हैं। उनके अनुसार, पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में पिछले चार-पांच महीने से दर्द था और उसका सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा था। कई चिकित्सकों को दिखाने के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार भी हुआ था।
रामचंद्र के मुताबिक, शनिवार को कुछ स्थानीय लोगों की सलाह पर वह मीनाक्षी को गर्दन की मालिश कराने के लिए कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारे के समीप नईम पहलवान के पास लेकर गए थे। उनके अनुसार, वहां पहले मीनाक्षी की गर्दन पर तेल लगाया गया और मालिश की गई। इसके बाद पहलवान ने उनकी गर्दन को जोर से हिला दिया।
पति का आरोप है कि इसके तुरंत बाद मीनाक्षी की गर्दन एक तरफ लटक गई और वह बेसुध होकर गिर पड़ीं। रामचंद्र के अनुसार, उन्होंने वहां मौजूद व्यक्ति से पत्नी को देखने के लिए कहा, लेकिन उन्हें ऑटो से अस्पताल ले जाने को कहा गया। इसके बाद परिजन मीनाक्षी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मीनाक्षी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गई हैं। पति ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए संबंधित व्यक्ति पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लिया संज्ञान, संबंधित दुकान बंद मिली
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नैनीताल डॉ. रश्मि पंत और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हल्द्वानी डॉ. रजत भट्ट ने प्रकरण का संज्ञान लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कालाढूंगी रोड, गुरुद्वारे के समीप स्थित नईम पहलवान की दुकान का निरीक्षण किया, लेकिन निरीक्षण के दौरान दुकान बंद मिली।
इसके बाद टीम बेस चिकित्सालय, हल्द्वानी पहुंची और मृतका मीनाक्षी के संबंध में आवश्यक चिकित्सकीय जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकों ने मीनाक्षी को ब्रॉट डेड यानी मृत अवस्था में लाया गया बताया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तथ्यात्मक जानकारी एकत्र करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपद में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत एवं वैध चिकित्सकीय योग्यता रखने वाले चिकित्सकों तथा अधिकृत स्वास्थ्य संस्थानों से ही चिकित्सा परामर्श और उपचार प्राप्त करें।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


