Haldwani News: गुरु नानक देव प्रकाश पर्व पर निकली चौथी प्रभात फेरी, जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत
गुरबाणी कीर्तन के साथ निकली चौथी प्रभात फेरी का पुष्प वर्षा से स्वागत।
गुरबाणी और कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल, शनिवार सुबह पांच बजे निकलेगी पांचवीं प्रभात फेरी।
हल्द्वानी, 20 नवंबर 2026। सिख धर्म के प्रथम गुरु साहिब श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को समर्पित चौथी प्रभात फेरी शुक्रवार सुबह श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। गुरबाणी के मधुर गायन और कीर्तन के बीच निकली प्रभात फेरी का विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। प्रभात फेरी का समापन कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारा श्री चार साहिबजादे में हुआ।
प्रभात फेरी का शुभारंभ रामलीला ग्राउंड से हुआ। इसके बाद संगत कालाढूंगी चौराहा, भोलानाथ गार्डन, पंजाबी क्वार्टर कॉलोनी, हीरानगर और मुखानी चौराहे से होते हुए गुरुद्वारा श्री चार साहिबजादे पहुंची। प्रभात फेरी में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। संगत ने गुरबाणी गायन और कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान किया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री चार साहिबजादे के मुख्य सेवादार अमनदीप सिंह टिंकू सहित कमेटी के सदस्यों ने संगत का स्वागत किया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से अध्यक्ष अमरजीत सिंह बंटी, महासचिव कंवलजीत सिंह उप्पल, हरजीत सिंह सिंबल, हरपाल सेठी, बंटी सेठी, मनजीत सिंह सेठी, निर्मलजीत सिंह, प्रभजोत सिंह रिंकल, तेजिंदर सिंह नाटी, मालिन कोहली, जसप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, कोषाध्यक्ष जसपाल सिंह और अमन आनंद मौजूद रहे। स्त्री सत्संगत की ओर से बीबी मनजीत कौर, बीबी अमरजीत कौर, बीबी बलजीत कौर, बीबी सतवीर कौर, बीबी रविंदर कौर और बीबी मनमोहन कौर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
समापन पर हल्द्वानी गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह आनंद ने समस्त संगत और गुरुद्वारा श्री चार साहिबजादे की कमेटी का आभार व्यक्त किया।
मीडिया प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शनिवार, 21 नवंबर को पांचवीं प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह प्रातः पांच बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, हल्द्वानी से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा श्री गुरु नानकपुरा, ठंडी सड़क, भोटिया पड़ाव के लिए रवाना होगी। उन्होंने समस्त संगत से समय पर पहुंचकर प्रभात फेरी में शामिल होने की अपील की।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


