Haldwani Accident: गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर मौत बनकर दौड़ी बेकाबू स्कॉर्पियो, चार दोस्तों की दर्दनाक मौत
गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर भीषण हादसे के बाद दुर्घटना स्थल पर जुटी पुलिस।
पलभर में उजड़ गए चार परिवारों के चिराग, बेकाबू स्कॉर्पियो ने चार दोस्तों को रौंदा; तीन को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, चौथे ने उपचार के दौरान दम तोड़ा
हल्द्वानी, 12 जुलाई 2026। नैनीताल जिले के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गौलापार-तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो ने फ्लाईओवर पर खड़े चार दोस्तों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि तीन युवकों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथे युवक ने उपचार के दौरान आईसीयू में अंतिम सांस ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पलभर में उजड़ गई चार परिवारों की दुनिया
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर हादसे की सूचना मिली। मौके पर गोरापड़ाव हाथीखाल निवासी 17 वर्षीय राहुल राजपूत, गोरापड़ाव निवासी 25 वर्षीय शिवम, बेरीपड़ाव निवासी 20 वर्षीय अंशु आर्य और गोरापड़ाव निवासी 18 वर्षीय आदित्य टम्टा गंभीर रूप से घायल पड़े मिले। पास में उनकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लालकुआं की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चारों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राहुल, शिवम और अंशु को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य को आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसा इतना भीषण कि स्कॉर्पियो के पहिये तक उखड़ गए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वाहन के पहिये तक उखड़कर दूर जा गिरे। चारों युवक फ्लाईओवर पर खड़े थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
दो लोग हिरासत में, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार हादसे के समय स्कॉर्पियो की पिछली सीट पर ज्योलीकोट स्थित नैंसी कॉन्वेंट के निदेशक डॉ. संजय सिंह बैठे थे, जबकि वाहन उनका चालक पहदान खान चला रहा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुई। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
तीनपानी फ्लाईओवर एक सप्ताह में फिर बना मौत का गवाह
उल्लेखनीय है कि करीब एक सप्ताह पहले भी तीनपानी फ्लाईओवर के समीप एक भीषण सड़क हादसे में लालकुआं वार्ड नंबर-4 निवासी उदयवीर सिंह के 16 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ और पड़ोसी शमशेर खान के 18 वर्षीय पुत्र अयान की दर्दनाक मौत हो गई थी। दोनों बाइक से जा रहे थे, तभी रॉन्ग साइड से आए एक कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। अब उसी इलाके में एक और भीषण हादसे में चार युवकों की जान जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और फ्लाईओवर पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


