बागेश्वर: उद्योग मित्र बैठक में गाइड प्रशिक्षण, गुणवत्ता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के निर्देश—गाइडों का डेटाबेस तैयार हो, खराब प्रशिक्षण पर होगी कार्रवाई; उद्यमियों को विपणन में प्राथमिकता
Bageshwar News- जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग मित्र बैठक में जिले के उद्यमियों के साथ विस्तृत संवाद किया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों—जैसे हस्तशिल्प, मसाले, ऊनी उत्पाद आदि—का अवलोकन किया तथा उनके विपणन और प्रोत्साहन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में सिंगल विंडो क्लीयरेंस, निजी औद्योगिक पार्क एवं फूड प्रोसेसिंग यूनिट हेतु भूमि उपलब्धता सहित अन्य महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रशिक्षित पर्यटक गाइड के रूप में तैयार युवाओं की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित विभागों से व्यय की वसूली की जाएगी। उन्होंने उद्यम विभाग को प्रशिक्षित व्यक्तियों का पृथक डेटाबेस तैयार करने के निर्देश भी दिए।
महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र कविता भगत ने बैठक में अवगत कराया कि पूर्व उद्योग मित्र बैठकों में प्राप्त समस्याओं के निराकरण हेतु विभाग द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है तथा अधिकांश प्रकरणों का समाधान कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली के माध्यम से उद्यमियों को समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उनके उत्पादों को जिला स्तर की खरीद प्रक्रियाओं में प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही जिले के सभी उद्यमियों एवं उनके उत्पादों का एक कैटलॉग पुस्तिका तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि उनके उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सके। बैठक में पूर्व उद्योग मित्र बैठक के अनुपालन आख्या भी प्रस्तुत की गई।
इसी क्रम में हथकरघा, हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग क्षेत्र में वर्ष 2025-26 के पुरस्कार हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों को जिला स्तरीय पुरस्कार चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
हथकरघा श्रेणी में मीरा पांचपाल प्रथम तथा श्रीमती कलावती देवी द्वितीय स्थान पर रहीं।
हस्तशिल्प श्रेणी में बसंतलाल प्रथम तथा प्रेमा परिहार द्वितीय स्थान पर रहीं।
लघु उद्योग श्रेणी में सूरज प्रकाश सिंह प्रथम तथा हरि कम्र्याल द्वितीय स्थान पर रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत, प्रबंधक अमित रावत, वरिष्ठ कोषाधिकारी कन्हैया लाल सरकी, होटल एसोसिएशन से शिरीष कपूर, सहित अन्य अधिकारी, उद्यमी एवं शिल्पकार उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


