रुद्रप्रयाग: एक्शन मोड में डीएम विशाल मिश्रा—केदारनाथ में हेली सेवाओं का लिया जायजा, फर्जी दानपात्र जब्त
श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष—धोखाधड़ी पर सख्त संदेश
रुद्रप्रयाग, 24 अप्रैल 2026। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने हेली सेवा से धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए केदारनाथ स्थित हेलीपैड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हेली सेवाओं के संचालन, यात्रियों की आवाजाही, सुरक्षा प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया।
अचानक निरीक्षण के दौरान मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। जिलाधिकारी ने उनसे सीधे संवाद कर हेली सेवा, दर्शन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के साथ आत्मीयता दिखाते हुए बाबा केदार का प्रसाद भी ग्रहण किया, जिससे सकारात्मक संदेश गया।
इस बीच, पूरे दिन चले औचक निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में रखे एक फर्जी दानपात्र को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उक्त दानपात्र को बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के माध्यम से जब्त कराया गया। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं और श्रद्धालुओं के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रहे फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है, ताकि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुखद यात्रा अनुभव मिल सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


