देहरादून: दो मासूमों संग शक्ति नहर में कूदी महिला की मौत, SDRF ने ढकरानी के पास बरामद किया शव
शक्ति नहर में लापता महिला की तलाश में सर्च अभियान चलाती SDRF टीम।
स्थानीय युवकों ने दोनों मासूम बेटियों को बचाया, महिला तेज बहाव में बहकर हुई थी लापता
देहरादून,17 मई 2026। विकासनगर क्षेत्र में शक्ति नहर में कूदकर लापता हुई महिला का शव SDRF ने शनिवार को सघन सर्च अभियान के बाद बरामद कर लिया। शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 16 मई 2026 को चौकी डाकपत्थर पुलिस को सूचना मिली थी कि पुल नंबर-01 के समीप एक महिला अपने दो बच्चों के साथ शक्ति नहर में कूद गई है। घटना के दौरान आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और तैराक युवकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि महिला नहर के तेज बहाव में बह गई।
सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर नहर किनारे संभावित स्थानों पर देर रात तक सर्च अभियान चलाया।
रविवार 17 मई को SDRF ने दोबारा शक्ति नहर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार प्रयासों और सूक्ष्म सर्चिंग के बाद टीम ने ढकरानी पावर हाउस के समीप महिला का शव बरामद किया।
मृतका की पहचान किरण पत्नी धीरज चंदेल (28 वर्ष) निवासी ग्राम जाखन बिन्हार, हाल निवासी मंडी चौक विकासनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि शनिवार अपराह्न करीब साढ़े चार बजे महिला अपनी दो बेटियों के साथ डॉक्टरगंज स्थित पुल नंबर-01 के आसपास घूम रही थी। इसी दौरान उसने अचानक शक्ति नहर में छलांग लगा दी। वहां मौजूद युवकों ने तत्काल नहर में कूदकर तीन वर्षीय आर्वी चंदेल और तीन माह की मासूम बच्ची को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन महिला तेज बहाव में लापता हो गई थी।
घटना के बाद दोनों बच्चियों को उपचार के लिए लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


