Uttarakhand News: रेड अलर्ट के बीच बड़ा फैसला, कल इस जिले में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
रेड अलर्ट के चलते देहरादून में 20 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद।
भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता, देहरादून डीएम के आदेश पर 20 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगा अवकाश।
देहरादून, 19 जुलाई 2026। उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा जारी आदेश के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे मौसम में जनहानि और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 20 जुलाई को जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से भी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


