नैनीताल में होमस्टे नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, 150 इकाइयों का पंजीकरण निरस्त
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर नैनीताल जिले में होमस्टे इकाइयों पर की गई कार्रवाई।
55 होमस्टे संचालकों पर ₹10-10 हजार का जुर्माना, होटल की तरह संचालन और नियमों की अनदेखी पड़ी भारी
नैनीताल, 30 मई 2026। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद में संचालित होमस्टे इकाइयों के खिलाफ चलाया जा रहा निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। परगना अधिकारियों और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई जांच के दौरान कई होमस्टे इकाइयों में नियमावली के गंभीर उल्लंघन सामने आए हैं।
निरीक्षण में पाया गया कि अनेक होमस्टे इकाइयों में स्वामी स्वयं निवासरत नहीं थे। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था के अभाव में वाहनों को सड़क किनारे खड़ा किया जा रहा था। कई स्थानों पर रिसेप्शन स्टाफ नियुक्त कर होमस्टे का संचालन होटल और रेस्टोरेंट की तर्ज पर किया जा रहा था, जबकि कुछ इकाइयों को लीज पर देकर पूरी तरह व्यावसायिक रूप से संचालित किया जा रहा था।
इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जनपद की 150 होमस्टे इकाइयों का पंजीकरण निरस्त कर दिया है। साथ ही 55 इकाइयों पर प्रति इकाई 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
क्षेत्रवार कार्रवाई के तहत धारी तहसील में 19, रामनगर में 20, नैनीताल में 94, कालाढूंगी में 5, हल्द्वानी में 5 तथा कैंची धाम क्षेत्र में 7 होमस्टे इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नोटिस अवधि में संचालित अन्य इकाइयों की भी निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को होमस्टे व्यवस्था की मूल अवधारणा और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि पर्यटन गतिविधियों में पारदर्शिता और सुव्यवस्थित संचालन बना रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


