देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा का CM पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ, अब एक घंटे में पूरा होगा सफर
रामनवमी पर CM धामी ने किया शुभारंभ, 42 सीटर विमान से बढ़ेगी सीमांत क्षेत्र की कनेक्टिविटी

देहरादून ,26 मार्च 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून हवाई सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रामनवमी के पावन मौके पर शुरू हुई यह सेवा सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के लिए बड़ी सौगात है, जिससे अब यह दूरी महज एक घंटे में तय की जा सकेगी।
यह 42 सीटर विमान सेवा Alliance Air द्वारा संचालित की जाएगी, जिससे क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हवाई यात्रा केवल संपन्न वर्ग तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई सफर कर रहा है। वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना ने छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हवाई सेवाएं बनीं जीवन रेखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक लाने में यह सेवाएं बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में उड़ान योजना के तहत 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2023 में शुरू की गई राज्य सरकार की एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। पिछले चार वर्षों में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड 60 से बढ़कर 118 हो चुके हैं।
सीमांत क्षेत्रों को मिलेगा विकास का नया आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास के लिए 450 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य किया जा रहा है।
साथ ही, नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच एमओयू भी किया गया है, जिससे भविष्य में क्षेत्र को और बेहतर हवाई सुविधाएं मिलेंगी।
केंद्रीय मंत्री ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस सेवा के शुभारंभ पर बधाई देते हुए राज्य में हवाई सुविधाओं के विस्तार का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


