हल्द्वानी: दोहरे हत्याकांड का बड़ा खुलासा , चार आरोपी गिरफ्तार , video
Haldwani News- हल्द्वानी की नवीन गल्ला मंडी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का नैनीताल पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रेस कांफ्रेंस में पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि जघन्य हत्याकांड में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि 12 फरवरी 2026 की सुबह बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। प्रथम दृष्टया दोनों की पत्थरों से कुचलकर हत्या की गई थी। मृतकों की पहचान शुभम टम्टा (अल्मोड़ा) और लक्ष्मी पोखरिया (ओखलकांडा, नैनीताल) के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मृतका ओखलकांडा क्षेत्र निवासी लक्ष्मी पोखरिया (21) एमबी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह एक मेडिकल स्टोर में काम करती थी। मृतक युवक शुभम टम्टा (30) नशा मुक्ति केंद्र में काम करता था। मुखानी में दोनों एक साथ लिव-इन में रहते थे।
एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर सहित सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज को गिरफ्तार कर लिया।
छेड़खानी का विरोध करने पर हुई हत्या
पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे। इसी दौरान लक्ष्मी से छेड़खानी की गई, जिसका शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले शुभम की हत्या की और फिर राज खुलने के डर से लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया। पहचान छिपाने के लिए दोनों के सिर पत्थरों से कुचल दिए गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी गौरव नेगी एक आदतन अपराधी है, जिस पर पूर्व में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट भी शामिल है। दीपेश लटवाल पर भी एनडीपीएस समेत कई मामले दर्ज हैं।
नाम पता अभियुक्त–
- गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर पुत्र स्व0 उमेश सिंह निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष
- सौरभ भट्ट उर्फ भटिया पुत्र विनोद चन्द्र भट्ट निवासी तीनपानी खन्ना फार्म डी क्लास बरेली रोड हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष
- दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव पुत्र स्व0 नन्हू लाल शर्मा निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष
- दीपेश लटवाल उर्फ राज पुत्र बहादुर सिंह लटवाल निवासी उत्तरांचल विहार बड़ी मुखानी पीलीकोठी हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष,
बरामदगी- हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाईल फोन, गौरव तथा दीपू शर्मा के खून से सने हुए कपड़े।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए सख्त संदेश दिया कि समाज में ऐसे अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।
तेजी, तकनीकी दक्षता और सतर्कता के साथ हल्द्वानी पुलिस ने एक जघन्य अपराध का त्वरित खुलासा कर स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


