हल्द्वानी:-महिलाओं की सुरक्षा और नशे का खात्मा पहली प्राथमिकता: SSP
नवनियुक्त पुलिस कप्तान ने यातायात व्यवस्था को सुधारने पर भी दिया जोर
हल्द्वानी(दीपक भंडारी)। जिले में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति और महिला अपराधों को रोकना पहली प्राथमिकता होगी। नशे के कारोबार पर जहां अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे वहीं महिलाओं को सुरक्षा मुहैया कराना उनकी पहली प्राथमिता होगी।
यह बात जिले की नव नियुक्त पुलिस कप्तान प्रीति प्रियदशिर्नी ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।
बहुउद्देशीय पुलिस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए सभी थाना चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा जो अभियान चलाया जा रहा है, वह अभियान और तेजी के साथ चलाया जाएगा खास स्मैक तस्करी के बढ़ते कारोबार का खात्मा करने का प्रयास किया जाएगा।
एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने कहा कि मैदानी क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर स्मैक की तस्करी पहाड़ को हो रही है जिससे युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आ रही है। उनका फोकस स्मैक के कारोबार में लगे तस्करों को गिरफ्तार कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाना मकसद है। वहीं उन्होंने महिला हिंसा की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता जाहिर की। कहा, महिलाओं को सुरक्षा मुहैया कराना उनकी पहली प्राथमिता होगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को भी पटरी पर लाने का प्रयास किया जाएगा। शहर के गणमान्य और बुद्धिजीवी लोगों से रायशुमारी कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाएगा जिससे शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगने वाले जाम से लोगों को निजात दिलाई जा सके।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित विवेचनाओं के साथ ही फरियादियों को न्याय दिलाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा करना पुलिस का दायित्व है। ऐसे में अगर पुलिस ही जनता के साथ दुर्व्यवहार या गलत आचरण करेगी तो जनता में पुलिस के प्रति गलत संदेश जाएगा। इसीलिए मातहतों को भी इस संबंध् में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
वर्दी को धुमिल करने की इजाजत किसी को नहीं
हल्द्वानी। नव नियुक्त पुलिस कप्तान ने कहा कि वर्दी को धुमिल करने वाले पुलिस कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारियों को ताकीद कर दी गई कि अगर कोई भी पुलिस कर्मी या अधिकारी किसी भी तरह की घटना में संलिप्त पाया जाता है तो उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी के साथ करने के निर्देश दिए हैं।
खुलासे का हर संभव प्रयास, गारंटी नहीं
हल्द्वानी। शहर में पिछले 4-5 सालों में जिन-जिन वारदातों से पर्दा नहीं उठ पाया है, उनसे पर्दा उठाने का भरोसा तो नव नियुक्त पुलिस कप्तान ने दिया लेकिन खुलासा होगा इसकी गारंटी उन्होंने नहीं दी। एसएसपी ने कहा कि इससे पहले भी उनके सीनियर अधिकारी इस मामले की पड़ताल कर चुके होंगे। अगर कोई क्लू छूटा है तो उस क्लू पर फोकस किया जाएगा और खुलासे को लेकर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें