Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम बिगड़ने के आसार, एडवाइजरी जारी
सावधान उत्तराखंड: 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 8 में येलो अलर्ट जारी
04 अप्रैल को कई जिलों में बिगड़ेगा मौसम, 60 किमी/घंटा तक चल सकती हैं हवाएं।
प्रशासन अलर्ट मोड पर, ट्रैकिंग और आवागमन को लेकर जारी हुए सख्त निर्देश।
देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 04 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जो बढ़कर 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। इन जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम के दौरान ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में आवागमन सीमित रखने और हर स्तर पर सतर्कता बरतने को कहा गया है। साथ ही किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और सूचनाओं के तत्काल आदान-प्रदान के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के तहत सभी नामित अधिकारी और नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे तथा संबंधित विभागों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। मोटर मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने, राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों की क्षेत्र में सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने को कहा गया है।
इसके अलावा सभी चेकपोस्ट और थानों में आपदा प्रबंधन उपकरणों और वायरलेस सिस्टम के साथ हाई अलर्ट बनाए रखने, किसी भी अधिकारी-कर्मचारी का मोबाइल फोन बंद न रहने, तथा आवश्यक उपकरण जैसे बरसाती, टॉर्च, हेलमेट आदि उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित आपात स्थिति में लोगों के फंसने पर खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सावधानी बरतने, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा शहरी क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आम जनता से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


