Uttarakhand: महिला की गोली मारकर हत्या , इलाके में फैली सनसनी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार
पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध किया मुकदमा दर्ज
देहरादून। उत्तराखंड के ऋषिकेश से सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है , यहां शिवाजी नगर में एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार की रात 10 बजे की है जब महिला घर पर अकेली थी। तभी एक युवक बाइक से गली में आया और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला तो युवक ने जाली वाले दरवाजे से पिस्टल सटाकर गोली चला दी, जो सीधे महिला के सीने पर लगी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मृतक महिला की पहचान प्रीति रावत (32) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। वह शिवाजी नगर में किराये पर कमरा लेकर पिछले एक साल से रह रही थी और आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में नौकरी करती थी।
पूरे घटनाक्रम के अनुसार कोतवाली ऋषिकेश को रात में सूचना प्राप्त हुई थी कि शिवाजी नगर, गली नंबर 11 में किराए पर रह रही एक महिला को एक व्यक्ति द्वारा गोली मार दी गई है। सूचना पर कोतवाली ऋषिकेश से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
मौके पर मृतक महिला की पहचान प्रीति रावत के रूप में हुई। मृतक महिला के संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त महिला एम्स अस्पताल में सहायिका के पद पर कार्यरत थी, जो शिवाजी नगर में अकेले किराए पर रहती थी।
मृतक महिला के पिता ने नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई
महिला के पिता बच्चन सिंह रावत ने कोतवाली ऋषिकेश में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की हत्या सुरेश गुप्ता द्वारा गोली मारकर की गई है।
शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए, अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर कोतवाली ऋषिकेश में तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दे रही हैं।
पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक महिला का कुछ साल पहले अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान मृतक महिला सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थी, जहां उसकी मुलाकात सुरेश गुप्ता से हुई।
इसके बाद सुरेश गुप्ता का महिला से अक्सर मिलना-जुलना होने लगा और उसका उसके घर पर आना-जाना बढ़ गया। सुरेश गुप्ता और प्रीति के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी जब उसके परिजनों को हुई, तो सुरेश गुप्ता और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगे।
पिता बोले- तीन सालों से प्रीति पर शादी का दबाव बना रहा था
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुरेश गुप्ता पिछले करीब तीन सालों से प्रीति पर शादी का दबाव बना रहा था, जबकि वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। आरोप है कि सुरेश गुप्ता बार-बार उसके कमरे पर आता था, रास्ते में रोककर दबाव बनाता था और मना करने पर जान से मारने की धमकियां देता था।
परिजनों के अनुसार, इस संबंध में आरोपी को कई बार समझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन लोक-लाज और परिस्थितियों के चलते परिवार चुप रहा। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की गहनता से जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



Union Budget 2026: आम बजट में जनता के लिए क्या हुआ सस्ता-महंगा, वित्त मंत्री ने किए बड़े ऐलान