Uttarakhand Weather: आज इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, 15 अक्टूबर तक मौसम का हाल
उत्तराखंड में बारिश, तेज हवाओं और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार।
9 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट, प्रदेश के सभी जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की आशंका; 10 अक्टूबर को भी बदलेगा मौसम, 11 से 15 अक्टूबर तक पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार।
देहरादून, 09 अक्टूबर 2026। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 9 और 10 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 11 से 15 अक्टूबर के बीच मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
आज का मौसम: तीन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
शुक्रवार, 9 अक्टूबर को उत्तराखंड के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के सभी जनपदों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, गर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर सहित पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर हल्की बर्फबारी के आसार हैं।
कल का मौसम: कई जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की चेतावनी
शनिवार, 10 अक्टूबर को भी मौसम की एक्टिविटी तेज रहने की संभावना है , मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को प्रदेश के सभी जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, गर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
11 से 15 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 11 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच प्रदेश के उच्च पर्वतीय जनपदों में हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं।
11 अक्टूबर: हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
12 और 13 अक्टूबर: उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी और देहरादून जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। 3800 मीटर के आसपास और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
14 और 15 अक्टूबर: उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम के इस पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में 11 अक्टूबर से मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
स्रोत: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


