Uttarakhand Weather: आज भी बिगड़ा रहेगा मौसम, कई जिलों में झमाझम बारिश का ऑरेंज अलर्ट
बारिश-बर्फबारी के साथ तेज हवाओं का अलर्ट, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली। कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने से किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार, 20 मार्च को प्रदेश के सभी जनपदों में झमाझम बारिश और ऊंची चोटियों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में आज रुक-रुक कर बारिश हो रही है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। चारों धाम—यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—में भी बर्फ गिरने से आसपास के क्षेत्र सफेद चादर से ढक गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।
6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
7 जिलों में येलो अलर्ट
हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 21 मार्च को भी प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। हालांकि 22 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता में कमी आने की संभावना है, जिससे मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क हो सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है।
तापमान की बात करें तो देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


