Uttarakhand Weather Update: भारी बारिश का रेड अलर्ट, सात जिलों में स्कूल बंद
उत्तराखंड में 26 सितंबर को कई जिलों में रेड अलर्ट जारी।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की चेतावनी के बाद सरकार अलर्ट, सभी 13 जिलों को तैयार रहने के निर्देश; कई स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना
कुमाऊं के सभी छह जिलों समेत प्रदेश के सात जिलों में 26 सितंबर को स्कूलों में अवकाश घोषित
देहरादून, 25 सितंबर 2026। Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक कई स्थानों पर मौसम में बदलाव के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दोनों दिनों के लिए विभिन्न जनपदों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से वार्ता कर सभी संबंधित जनपदों और विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखने और मौसम संबंधी चेतावनियों का तत्काल स्थानीय स्तर तक प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सचिव से वार्ता कर प्रदेश में मौसम की स्थिति और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
26 सितंबर को पांच जिलों में रेड अलर्ट
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास ने बैठक कर सभी 13 जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट तथा हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में येलो अलर्ट है।
27 सितंबर को चार जिलों में रेड अलर्ट
27 सितंबर को मौसम की चेतावनी का दायरा बदलते हुए देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट तथा बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की भी संभावना है। इसके मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक स्तर पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जेसीबी और मशीनरी तैयार रखने के निर्देश
सचिव ने सभी जनपदों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील सड़कों और क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ जेसीबी और अन्य आवश्यक मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने को कहा गया है, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल यातायात सुचारू किया जा सके।
पर्वतीय मार्गों पर मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए ही यातायात संचालित करने तथा भूस्खलन और अतिवृष्टि की आशंका वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के नंबर 1077 तथा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
सात जिलों में 26 सितंबर को स्कूलों में अवकाश
मौसम की गंभीर चेतावनी को देखते हुए 26 सितंबर को नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर , अल्मोड़ा , रुद्रप्रयाग जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। संबंधित जिलों में प्रशासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
वहीं, अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने भी मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान को देखते हुए आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार 26 सितंबर को जिले में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इसके चलते भूस्खलन, सड़क अवरोध, नदियों और गधेरों के जलस्तर में वृद्धि तथा आकाशीय बिजली जैसी स्थितियों की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी के बाद ही यात्रा करने तथा नदी, नालों, गधेरों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित स्थानों और कमजोर ढलानों पर विशेष सावधानी बरतने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान देने को कहा गया है।
अल्मोड़ा जिले में किसी भी आपात स्थिति में जनपद आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05962-237874, 05962-237875, टोल फ्री नंबर 1077 अथवा मोबाइल नंबर 7900433294 पर सूचना दी जा सकती है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


