उत्तराखंड मौसम अपडेट: आज भी बारिश-आंधी का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी, जानें कब मिलेगी राहत
उत्तराखंड में बदले मौसम के बीच कई जिलों में बारिश और घने बादल छाए रहे।
देहरादून, नैनीताल समेत छह जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान के आसार
देहरादून, 05 मई 2026। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में भी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सुबह 8:30 बजे तक नैनीताल में 32.5 मिमी, रामनगर में 31.5 मिमी, देवीधुरा में 17.5 मिमी, चंपावत में 10.5 मिमी और धारचूला में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
देहरादून में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर
अधिकतम तापमान
न्यूनतम तापमान
देहरादून
31.0°C
16.8°C
पंतनगर
30.0°C
18.0°C
मुक्तेश्वर
14.4°C
5.9°C
टिहरी
18.2°C
8.0°C
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
6 मई:
पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश और गरज-चमक बनी रह सकती है।
7 मई:
पर्वतीय इलाकों में बारिश और गर्जन जारी रहने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं।
8 मई:
प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है।
9 और 10 मई:
पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम में कुछ राहत मिल सकती है।
9 मई तक सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि प्रदेश में 9 मई तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


