उत्तराखंड वेदर अपडेट: बारिश, आंधी और बिजली का डबल अलर्ट, जानिए कब मिलेगी राहत
प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले 48 घंटे तक प्रदेश में बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट और कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज राज्य के सभी जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों के लिए विशेष रूप से ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, कल प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पर्वतीय जिलों के साथ हरिद्वार, उधम सिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा और नैनीताल में गरज-चमक के साथ बारिश, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
25 मार्च तक पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी जारी, मैदानों में मिल सकती है राहत
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में 25 मार्च तक बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। वहीं, मैदानी इलाकों में इस दौरान मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


