Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में बढ़ने लगी गर्मी, इन जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार
उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश व ऊंची चोटियों पर हिमपात की संभावना, मैदानों में चटक धूप से बढ़ी गर्मी।
देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों शुष्क मौसम के बीच गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मैदानी इलाकों में बढ़ती तपिश के कारण दिन में पंखे चलाने की नौबत आ गई है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में अभी भी मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार 8 मार्च को प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात होने के भी आसार हैं। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मैदानी इलाकों में बढ़ी गर्मी
तेज धूप के कारण उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लगातार शुष्क मौसम के कारण तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिसका असर दिन और रात दोनों समय महसूस किया जा रहा है।
प्रमुख शहरों का तापमान
देहरादून – अधिकतम 31.5°C | न्यूनतम 17.8°C
ऊधमसिंह नगर – अधिकतम 31.4°C | न्यूनतम 15.8°C
मुक्तेश्वर – अधिकतम 23.6°C | न्यूनतम 9.5°C
नई टिहरी – अधिकतम 21.6°C | न्यूनतम 10.4°C
पहाड़ों में बदल सकता है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है, जबकि देहरादून सहित कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने के आसार बने हुए हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


