Uttarakhand Weather News: अगले 24 घंटे मानसून तेज, भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; ताजा पूर्वानुमान
उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी
देहरादून, टिहरी, पौड़ी और ऊधम सिंह नगर में ऑरेंज अलर्ट, 91 सड़कें बंद; नदियों का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता
देहरादून, 18 अगस्त 2026। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटे से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। देहरादून, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, टिहरी, पौड़ी और चमोली के कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने 18 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और ऊधम सिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य नैनीताल सहित कई जनपदों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
23 अगस्त तक बना रहेगा मानसून का असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में पूरे सप्ताह मानसून की सक्रियता बनी रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में भी कई पर्वतीय और मैदानी जिलों में भारी बारिश के दौर जारी रह सकते हैं।
19 अगस्त: बागेश्वर, देहरादून और नैनीताल में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। पर्वतीय जिलों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
20 अगस्त: बागेश्वर, नैनीताल और देहरादून में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
21 अगस्त: टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और देहरादून में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। अन्य जनपदों में भी तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।
तीन घंटे में यमकेश्वर में 68.5 मिमी बारिश
मौसम विभाग के तत्कालिक आंकड़ों के अनुसार मंगलवार सुबह तक पिछले तीन घंटे में यमकेश्वर में 68.5 मिमी, मालदेवता में 46 मिमी, बेतालघाट में 45 मिमी, सहस्रधारा में 37.5 मिमी, रामनगर में 36 मिमी, मोहकमपुर में 26 मिमी, कीर्तिनगर में 26 मिमी, गूलरभोज में 25 मिमी और सोनप्रयाग में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा चंपावत में 16.5 मिमी, जौलीग्रांट में 14 मिमी, रुद्रपुर में 11 मिमी तथा नैनीताल, हल्द्वानी और कालाढूंगी में करीब 6 मिमी बारिश दर्ज हुई।
दोपहर एक बजे तक चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की सुबह 10 बजे जारी तत्कालिक चेतावनी के अनुसार अगले तीन घंटे यानी दोपहर एक बजे तक पौड़ी, नैनीताल, देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शेष जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
आठ नदियां वार्निंग लेवल के पार, गंगा का जलस्तर बढ़ा
लगातार बारिश के कारण प्रदेश की नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। गंगा, सरयू-गोमती समेत आठ नदियां वार्निंग लेवल के पार पहुंच गई हैं। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने से त्रिवेणी घाट का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया है।
वहीं, चंद्रभागा नदी के उफान पर आने से कई वाहन पानी की चपेट में आ गए। शारदा बैराज का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर बताया गया है। ऐसे में नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
भूस्खलन से 91 सड़कें बंद
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में 91 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इनमें दो स्टेट हाईवे, एक बॉर्डर रोड, 13 पीडब्ल्यूडी सड़कें और 75 पीएमजीएसवाई/आरडब्ल्यूडी सड़कें शामिल हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, चट्टान गिरने, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और संबंधित विभाग बंद सड़कों को खोलने के प्रयास में जुटे हैं।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने, यात्रा के दौरान मौसम और सड़क की स्थिति पर नजर रखने तथा नदी-नालों के किनारे जाने से बचने को कहा गया है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले स्थानों से दूर रहकर सुरक्षित स्थान या घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


