Uttarakhand Weather Update: भारी बारिश के अलर्ट के बीच दो जिलों में कल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, आदेश जारी
भारी बारिश की चेतावनी के बाद बागेश्वर प्रशासन ने 31 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद बागेश्वर और रुद्रप्रयाग प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 31 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी, अशासकीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया।
देहरादून/बागेश्वर/रुद्रप्रयाग, 30 जुलाई 2026। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने शुक्रवार (31 जुलाई) के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज से अति तीव्र वर्षा दौर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लेते हुए जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 1 से 12 तक के लिए एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
जारी पूर्वानुमान के अनुसार पौड़ी, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। इसके अलावा हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित निर्णय लिया। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार 31 जुलाई (शुक्रवार) को जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।
जारी आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि अवकाश आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राज्य में लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। यात्रियों और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोगों को भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


