Uttarakhand Weather: पश्चिमी विक्षोभ का असर, कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट—बारिश और तेज आंधी की चेतावनी
देहरादून। Uttarakhand Weather Update: मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार 3 अप्रैल को उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसका असर पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक व्यापक रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में आंशिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने एहतियातन कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है।
5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
अन्य जिलों में येलो अलर्ट, मैदानी क्षेत्रों में आंशिक असर
इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बूंदाबांदी और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। हरिद्वार समेत कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि ऊधम सिंह नगर में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रह सकता है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
देहरादून का मौसम रहेगा मिलाजुला
राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को इतना रहा तापमान
2 अप्रैल को राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। देहरादून में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.9 डिग्री दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम 36.4 डिग्री और न्यूनतम 13.8 डिग्री रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम 24.1 डिग्री और न्यूनतम 9.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि टिहरी में अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री और न्यूनतम 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आने वाले दिनों का मौसम अपडेट
आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो 4 अप्रैल को पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है, जबकि 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। 5 अप्रैल को भी पहाड़ी इलाकों में बारिश और गर्जना जारी रहने के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 6 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। साथ ही राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। Nowcast For Uttarakhand State ,Uttarakhand Weather Update News
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



रोजगार समाचार: सरकारी टीचर बनने का मौका, 11 हजार पदों पर भर्ती—15 अप्रैल से आवेदन शुरू