Uttarakhand Weather Alert: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में कल स्कूल-आंगनबाड़ी रहेंगे बंद
भारी बारिश की चेतावनी के चलते पौड़ी गढ़वाल में 19 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
भारी बारिश के अलर्ट के बीच पौड़ी में बड़ा फैसला, 19 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
देहरादून/पौड़ी, 18 अगस्त 2026: उत्तराखंड में मानसून का प्रभाव लगातार तेज बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 19 अगस्त को भी प्रदेश के कई जनपदों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर समेत कई क्षेत्रों में मौसम को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अलर्ट और संभावित तेज जलप्रवाह को देखते हुए पौड़ी गढ़वाल जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर 19 अगस्त, बुधवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शैक्षणिक कार्य बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
नदियों-नालों में तेज जलप्रवाह की आशंका
मौसम विभाग ने 19 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई है। लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह की स्थिति बन सकती है। ऐसे में जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
प्रशासन ने दिए आदेशों के कड़ाई से पालन के निर्देश
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि गढ़वाल मंडल आयुक्त, जिलाधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारियों, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
मौसम को लेकर प्रशासन अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी लगातार निगरानी की जा रही है। बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


